बाइकर्स ने छात्र पर बरसाईं गोलियां
बड़ौत (बागपत)। बावली गांव में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे फायरिंग से गूंज उठा। लोगों में दहशत फैल गई। बावली से बड़ौत बाइक पर आ रहे छात्र पर बाइक सवार चार युवकों ने अंधाधुंध फायरिंग की, लेकिन वह बच गया। बाद में उसे पकड़कर तमंचे के बट मारकर घायल कर दिया और मारने की धमकी देकर भाग गए। बाद में घायल परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचा और चार युवकों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घायल में सीएचसी में भर्ती कराया।
घायल निरमेश पुत्र अश्वनी कुमार गुराना रोड बड़ौत का रहने वाला है। वह बीए का छात्र है। वह सोमवार को सुबह के समय बाइक पर सवार होकर बावली गांव में अपने दोस्त से मिलने गया था। जब वह दोस्त से मिलकर बावली के दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर आया तो दो बाइकों पर सवार चार युवकों ने उसे रोकने का प्रयास किया। न रुकने पर उस पर तमंचों से गोली चर्लाइं। इससे हाईवे पर अफरातफरी मच गई और वह बाल-बाल बचा। बाद में उसे पकड़कर तमंचे के बट मारकर अधमरा कर दिया और जान से मारने की धमकी देेकर भाग निकले। बाद में घायल अपने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचा और चार युवकों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है और घायल को सीएचसी में भर्ती कराया है। घटना के पीछे क्या कारण रहा है, अभी तक पता नहीं चल सका है।