पूर्व विधायक की समाधि स्थल तोड़ने का आरोपी जेल गया
अमीनगर सराय (बागपत)। पूर्व विधायक छज्जू सिंह की समाधि तोडने के विरोध करने पर उनके पोते पर तमंचा तानने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। वहां से उनको जेल भेज दिया गया है।
बिचपड़ी निवासी संजय पुत्र रतन सिंह ने पुलिस को बताया था कि उनके बाबा स्वर्गीय छज्जू सिंह पूर्व विधायक थे। उनकी समाधि गांव के पास बनी हुई है। उनके भाई सुरेंद्र शुक्रवार रात करीब नौ बजे कार में सवार होकर बिचपड़ी जा रहे थे। रास्ते में नहर के पास कुछ व्यक्ति उनके बाबा की समाधि को तोड़ रहे थे। यह देख गाड़ी रोकी गई और इसका विरोध किया गया तो एक आरोपी ने तमंचा तानते हुए कहा था कि यहां भी भाग जा, वरना जान से मार देंगे। एक आरोपी को पहचान लिया गया था। उसके अन्य साथी मुंह लपेटे हुए थे। उनकी तहरीर पर सिंघावली अहीर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस तभी से ही आरोपियों की तलाश में लगी हुई थी। पुलिस ने आरोपी आदित्य उर्फ डेनी को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष तेजेंद्रपाल सिंह का कहना है कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, वहां से उसे जेल भेज दिया गया है।