बड़ौत (बागपत)।
पटटी चौधरान में शुक्रवार की रात्रि में दो समुदाय में लाठी-डंडे चले और फायरिंग भी हुई। इसमें दोनों पक्षों से एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। उधर घायल महिला के पक्ष में किन्नरों ने कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली में हंगामा किया। बाद में पुलिस ने समझा - बुझाकर उन्हें कोतवाली से भेजा।
शुक्रवार की रात्रि पट्टी चौधरान में अधिरत पुत्र राज कुमार को दूसरे समुदाय के लोगों ने लाठी - डंडों से मारपीट कर घायल किया। इस घटना के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और फायरिंग हुई, इससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। दोनों पक्षों ने कोतवाली में एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। इस घटना में एक पक्ष से अधिरत, अनुज और अमित , दूसरे पक्ष की फातो पत्नी इकराम निवासी पट्टी चौधरान शामिल है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया।
कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार की सुबह घायल महिला के पक्ष में कार्रवाई की मांग को लेकर किन्नर कोतवाली आ पहुंचे और हंगामा किया। काफी देर तक कोतवाली में वे अशब्द भाषा का प्रयोग कर पुलिस पर भारी पड़े, लेकिन बाद में पुलिस ने सख्ती कर उन्हें कोतवाली से हटाया। इस संबंध में एसएसआई धर्मेंद्र सिंधु ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर आ चुकी है, जांच की जा रही है, जांच के बाद कार्रवाई होगी।