खेकड़ा (बागपत)। खेलते समय चीनी के बोरों के नीचे दबने से व्यापारी के चार वर्षीय मासूम पुत्र की मौत हो गई। पता लगने पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने आनन-फानन में मासूम बच्चे को स्थानीय चिकित्सक को दिखाया, जहां मृत घोषित कर दिया गया।
खेकड़ा नगर निवासी व्यापारी अंकुर जैन की पुलिस चौकी के समीप परचून की दुकान है। दुकान के पीछे उसका मकान है और नीचे गोदाम है। बुधवार दोपहर व्यापारी अंकुर जैन का चार वर्षीय मासूम पुत्र अरनव खेलते समय नीचे गोदाम में आ गया। खेलते- खेलते गोदाम में रखे चीनी के बोरों की ढांग ढह गई और अरनव बोरों के नीचे दब गया। परिजनों ने बच्चे की काफी देर तक तलाश की। जब उन्होंने गोदाम में जाकर देखा तो बच्चा चीनी के बोरे के नीचे दबा हुआ मिला। परिजनों ने आनन-फानन में बच्चे को चिकित्सक को दिखाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मासूम बच्चे की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर नगर के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। गमगीन माहौल में शाम को परिजनों ने बच्चे के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। गमजदा व्यापारी के परिवार को सांत्वना देने के लिये लोगों का ताता लगा रहा।