दोघट (बागपत)। कस्बा टीकरी में दुकानदार से युवक ने नगदी लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर दुकानदार को सरिया से हमलाकर गंभीर घायल कर दिया।
कस्बा निवासी रितिक पुत्र किरण की बाजार में परचून की दुकान है। शुक्रवार को दोपहर करीब एक बजे के लगभग रितिक घर से 25 हजार रुपये की नगदी लेकर दुकान पर आ रहा था। रास्ते में एक युवक ने सरिया के बल पर उसे रोक लिया और नगदी लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर सरिया से रितिक पर हमला कर दिया। इसमें दुकानदार गंभीर घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के अन्य दुकानदार भी घटना स्थल पर पहुंचे और हमलावर युवक को घेर लिया, लेकिन आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला। परिजन घायल अवस्था में दुकानदार को थाने लेकर पहुंचे। दुकानदार ने आरिफ पुत्र अयूब निवासी टीकरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई । पुलिस ने घायल को बिनौली सीएचसी में भर्ती कराया। इस संबंध में थानाध्यक्ष चितवन कुमार ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली। शीघ्र ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।