चांदीनगर (बागपत)। दिल्ली में दूध सप्लाई करके मिनी ट्रक से घर लौट रहे व्यापारी पर खासपुर गांव के चौराहे के पास दर्जनों लोगों ने हमला कर दिया। वह घायल हो गया। उसने 72 हजार रुपये लूटने का आरोप लगाया। इसकी पुलिस से शिकायत की।
दत्तनगर गांव निवासी कपिल पुत्र चरण सिंह दूध का व्यापार करता है। उसका कहना है कि वह अन्य दूध व्यापारियों के साथ मिनी ट्रक (महेंद्रा पिकअप) में दूध सप्लाई करने के लिए शनिवार को दिल्ली गंगा बिहार में गया । देर रात वहां से लौटते समय शाहदरा में गाड़ी में सवार व्यापारियों से कहासुनी हो गई । इसके बाद जैसे ही गाड़ी खासपुर गांव के चौराहे के पास पहुंची, तभी दर्जनों लोगों ने गाड़ी को रुकवाया और उस पर हमला कर दिया। उसकी बुरी तरह से पिटाई की और उससे 72 हजार रुपये लूट लिए। इसी दौरान पीछे से एक गाड़ी आ गई। उसको देखकर आरोपी धमकी देकर भाग गए। उसका कहना है कि आरोपियों ने फोन करके अपने साथियों को बुलाया । उन लोगों ने ही वारदात को अंजाम दिया है। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर, चांदीनगर थानाध्यक्ष राजेश कुमार भारती ने कहा मामला आपसी विवाद का है। लूट का आरोप गलत है। मामले की जांच कर कार्रवाई होगी।