बड़ौत (बागपत)।
आवास विकास कॉलोनी में बेटे के चाल चलन से तंग आकर पिता ने बेटे को तमंचे समेत पुलिस को सौंप दिया। गिरफ्तार शनि पुत्र कृष्णपाल आवास विकास कॉलोनी बड़ौत का रहने वाला है। वह बीए का छात्र है। काफी दिनों से वह मोहल्ले के ही युवकों के साथ घूमता था। पिता ने कई बार बेटे को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह बाज नहीं आया। सोमवार को पिता कृष्णपाल ने पुलिस को सूचना दी कि उसका बेटा तमंचा लेकर घूम रहा है और किसी वारदात को अंजाम दे सकता है। इस सूचना पर पुलिस आवास विकास कॉलोनी पहुंची और उसे पकड़ लिया। पुलिस ने शनि के पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेजा।