बागपत। बड़ौत में शोरूमकर्मी विक्रम सिंह की हत्या का पुलिस 12 दिन बाद भी खुलासा नहीं कर पाई है। बावली गांव से उठाए गए चारों युवकों को कई दिन तक पूछताछ करने के बाद पुलिस ने छोड़ दिया। सर्विलांस के जरिये पुलिस को कुछ जानकारी मिली है, जिस पर जांच की जा रही है।
बड़ौत में 30 अप्रैल की रात में शोरूम कर्मी विक्रम सिंह पुत्र अभिमन्यु की गोली मारकर हत्या की। शोरूम मालिक बिजेंद्र के बेटे प्रशांत ने चार बदमाशों के खिलाफ विक्रम की हत्या कर लाइसेंसी रायफल, लाखों की नगदी व सोने के जेवरात लूटने का मुकदमा दर्ज कराय । दूसरी तरफ मृतक के बड़े भाई सतपाल ने शोरूम मालिक बिजेंद्र, उसके बेटे प्रशांत, सौरभ व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस लूट के बाद हत्या के बिंदु पर जांच कर रही है। मृतक के परिजन तभी से शोरूम मालिक को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन पुलिस उनकी सुनने को तैयार नहीं। मृतक के परिजनों ने शोरूम के आसपास घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाकर पुलिस को दे दी है। इसमें एक युवक रायफल व बैग ले जाता हुआ दिख रहा है। पुलिस युवक का भी पता नहीं लगा पाई। पुलिस ने एक सप्ताह पहले बावली गांव के चार युवकों को उठाया । कई दिन तक चारों युवकों से पूछताछ की गई। जबकि कोई जानकारी नहीं मिली तो पुलिस ने चारों युवकों को छोड़ दिया। एएसपी रण विजय सिंह ने बताया कि सर्विलांस केे जरिये पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली हैं, जिस पर जांच की जा रही है। बावली गांव से उठाए गए चारों युवकों को छोड़ दिया है।