बड़ौत (बागपत)। थाना क्षेत्र के एक गांव में शौच के लिए गई युवती को तीन युवकों ने दबोच लिया और उसके साथ दुराचार का प्रयास किया। किसी तरह युवती उनके चंगुल से छूटकर गांव में पहुंची और परिजनों को सूचना दी। जब युवती के परिजन ने आरोपी युवकों के घर पर शिकायत करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनसे भी मारपीट की।
पीड़ितों ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी शनिवार की शाम पड़ोस की सहेलियों के साथ जंगल में शौच के लिए गई थी। जंगल में ही गांव के तीन युवक छिपे थे। जब वह खेतों में गई तो तीनों ने उसे दबोच लिया। उसे खेत के अंदर घसीट लिया और उसके साथ दुराचार का प्रयास किया। उसने शोर मचाते हुए मदद की गुहार लगाई, लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में वह किसी तरह से उनके चंगुल से छूटकर गांव पहुंची और अपने परिजनों को जानकारी दी। जब परिजन आरोपी युवकों के घर पर शिकायत करने पहुंचे तो उन्हें भी लाठी-डंडों से पीटा। पुलिस ने घायलों की डाक्टरी कराई और रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।