अमीनगर सराय (बागपत)। चोरों ने बुधवार की रात में भाजपा नेता के भाई के इलेक्ट्रानिक सामान के शोरूम में कुंबल कर नगदी समेत लाखों रुपये का सामान चोरी किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। आक्रोशित व्यापारियों ने वारदात के विरोध में हंगामा किया।
बिनौली चौराहे पर भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री श्याम सुंदर गर्ग के छोटे भाई कपिल गर्ग का इलेक्ट्रानिक सामान का शोरूम है। बुधवार की रात में कपिल शोरूम बंद कर घर चले गए । बृहस्पतिवार की सुबह शोरूम खोला तो अंदर सामान खुर्द-बुर्द पड़ा था और सामान गायब था, जिसे चोर चोरी कर ले गए। कपिल गर्ग ने बताया कि चोर शोरूम की छत में कुंबल लगाकर अंदर घुसे और 1.30 लाख रुपये की नगदी, 14 एलईडी, दो होम थियेटर, घड़ी सहित लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। सूचना पर सिंघावली अहीर थानाध्यक्ष ओमवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की। मौके पर डॉग स्क्वॉयड और फिंगर प्रिंट टीम ने भी पहुंचकर जांच की। पुलिस को शोरूम की छत से एक एलईडी मिली है, जिसे चोर छोड़ गए हैं। चोरी का पता चलने पर व्यापारियों ने हंगामा किया। व्यापारियों ने कहा कि पहले भी कस्बे में डकैती और चोरी की कई वारदात हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस गश्त के नाम पर खानापूर्ति करती है। पीड़ित व्यापारी ने सिंघावली अहीर थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी ओमवीर सिंह ने कहा व्यापारी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।