छपरौली (बागपत)।
एक लाख के इनामी रहे अजीत उर्फ हप्पू को पुलिस ने आठ घंटे के रिमांड पर लेकर पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर लूंब गांव के जंगल से प्रमोद राठी हत्याकांड में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की है। हप्पू ने पुलिस को कई अहम जानकारी दी।
छपरौली थानाध्यक्ष विजय कुमार सिंह ने हप्पू से पूछताछ के बाद बताया है कि एक लाख के इनामी रहे प्रमोद राठी गांगनौली की हत्या करना हप्पू ने स्वीकार कर लिया है। उसने पुलिस को बताया है कि उसे शक हो गया था कि प्रमोद राठी उसकी हत्या कर सकता है, इसलिए उसने अपने साथी परमवीर के साथ मिलकर लूंब गांव के जंगल में प्रमोद को धोखे से ले जाकर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने हप्पू की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त की नौ एमएम की पिस्टल लूंब गांव के जंगल से बरामद की है। पुलिस ने बुधवार की शाम हप्पू को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजा।