स्कूल हादसे में मकान मलिक पर मुकदमा
बागपत/दोघट। प्राथमिक विद्यालय नंबर एक दाहा में दीवार के नीचे दबकर बच्चों के घायल होने के मामले में पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हादसे में घायल हुए एक बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे बड़ौत से मेरठ के लिए रेफर किया गया है। उधर, बीएसए योगराज सिंह ने बताया कि उन्होंने पूरी दीवार को गिरवा दिया है ताकि आगे किसी तरह के हादसे की आशंका न रहे।
बृहस्पतिवार को प्राथमिक विद्यालय संख्या एक दाहा से सटे मकान की दीवार स्कूल परिवार में गिर गई थी। इससे हैंडपंप पर पानी पी रहे और मैदान में खेल रहे स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र के 12 बच्चे मलबे में दबकर घायल हो थे। सूचना पर डीएम ऋषिरेंद्र और एसपी जयप्रकाश ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण किया था। प्रधानाध्यापकिा ममता ने मकान मालिक के खिलाफ तहरीर दी थी। इस मामले में दोघट पुलिस ने मकान मालिक तहजीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए 12 बच्चों में से सुभान की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे बड़ौत से मेरठ के लिए रेफर किया गया है। हादसे के बाद अभिभावक दहशत में है।
आंगनबाड़ी केंद्र पर नहीं पहुंचे बच्चे
दोघट। शुक्रवार को विद्यालय में मात्र 35 बच्चें ही पहुंचे हैं। आंगनबाड़ी केंद्र पर एक भी बच्चा नहीं आया है। वहीं डीएम के आदेश पर विद्यालय के गेट के बाहर पड़े कूड़े को उठाना शुरू कर दिया है। घायलों में अधिकतर बच्चे आंगनबाड़ी केेंद्र के ही थे।
बीईओ से मांगी जर्जर स्कूलों की जानकारी, नोटिस
बागपत। बीएसए योगराज सिंह ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारियों को नोटिस अपने-अपने क्षेत्र के जर्जर स्कूलों के विषय में जानकारी उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा गया है। इसके अलावा बिनौली खंड शिक्षा अधिकारी को नोटिस भेजकर पूरे मामले पर जवाब तलब किया गया है।