बागपत। युवा हिंदू वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष शौकेंद्र खोखर ने जिला अस्पताल पहुंचकर सामूहिक दुष्कर्म पीड़ित छात्रा से मुलाकात की। पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि दरिंदों के खिलाफ लड़ाई में संगठन उनके साथ है।
युवा हिंदू वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष शौकेंद्र खोखर को पीड़ित छात्रा ने अपना दर्द बयां किया। उसने दरिंदों द्वारा किए गए अत्याचार के बारे में बताया। पीड़ित परिवार ने कहा कि आरोपी पक्ष के लोग लगातार फैसले का दबाव बना रहे हैं। आरोपी ने जेल से छूटने पर देख लेने की धमकी दी है। इस पर शौकेंद्र खोखर ने कहा कि दरिंदों को सजा दिलाने तक संगठन पीड़ित परिवार के साथ है। उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। भाजपा की सरकार में पीड़ितों को न्याय मिलता है। उन्होंने बताया कि अस्पताल की व्यवस्था ठीक नहीं है। रात्रि में शराब का सेवन किया जाता है। अस्पताल में बेटियां सुरक्षित नहीं है। पीड़ित छात्रा के पास एक पुलिस कर्मी तैनात है। उसके साथ कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने एसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष योगेंद्र तोमर, मंडल अध्यक्ष संजीव सरोहा, प्रभात, सौरभ गुर्जर, गगन, राहुल, रविंद्र, जितेंद्र, बिजेंद्र, छोटू आदि उपस्थित रहे।
अस्पताल प्रशासन के खिलाफ की जाए कार्रवाई
बागपत। जाट भवन में जिला अस्पताल में भर्ती नर्सिंग की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के विरोध में बैठक हुई। वक्ताओं ने कहा कि जिले में बेटियां सुरक्षित नहीं है। चिकित्सा विभाग में घोर लापरवाही उजागर हुई है। पीड़ित पक्ष को धमकियां मिल रही है। इस घटना के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने गांव समाज से अपील की कि धमकी देने वालों का सामाजिक बहिष्कार किया जाए। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। इसमें डॉ. जगपाल सिंह, नगेंद्र सिंह, वीरेंद्र पंवार, जयवीर सिंह, महावीर राणा, ओमपाल सिंह, सतीश सिंह, इंद्रपाल सिंह, ओमप्रकाश धामा, महिपाल सिंह, शीशपाल सिंह, तेजपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।