बागपत। हरचंदपुर गांव में सोमवार की शाम चार सौ रुपये को लेकर दो पक्षों मेें फायरिंग और पथराव हुआ। इस दौरान लाठी और डंडे चले। झगड़े में महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। इस मामले में प्रधान के भतीजे सहित छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
हरचंदपुर गांव निवासी सद्दाम हुसैन पुत्र इकबाल ने प्रधान के भतीजे शहनवाज से 400 रुपये उधार लिए थे। सोमवार को सद्दाम के घर पर मेहमान आए हुए थे, तभी शहनवाज उधार दिए रुपये मांगने चला गया। इस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से पथराव हुआ। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने दोनों पक्ष के लोगों को समझा कर शांत किया। शाम को फिर से दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ। शहनवाज पक्ष के लोगों ने सद्दाम पक्ष पर फायरिंग कर दी। लोगों ने घरों में घुसकर जान बचाई। गोली किसी को नहीं लगी। इस झगड़े में एक पक्ष के सद्दाम, उसका चाचा आलम, बहन सायरा बानो, मोहसिन, दूसरे पक्ष का शहनवाज घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। सद्दाम पक्ष के यूसुफ पुत्र इशाक ने कोतवाली मेें प्रधान के भतीजे शहनवाज, साजिद, राशिद, सकमान, राजा और बादशाह पुत्र हनीफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
वहीं हमीदाबाद निवासी साहिल पुत्र रोजूद्दीन अहेड़ा गांव में भट्ठे पर मजदूरी करता है। भट्ठा पर ट्रैक्टर पीछे हटाने को लेकर उसका अहेड़ा निवासी शमशेर के बेटे कल्लू से झगड़ा हो गया। दोनों ने एक-दूसरे पर पथराव किया। इसमें दोनों घायल हो गए। उन्होंने भी एक-दूसरे के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी।