सहारनपुर। कुतुबशेर थाना क्षेत्र में ससुराल में रह रहे एक युवक की रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक के शव को लेकर ससुराली और परिजनों का आपस में विवाद हो गया। पुलिस ने किसी प्रकार मामला शांत कराया।
सरसावा के ग्राम गदरहेड़ी के निवासी गफूर (35 वर्ष) पुत्र शाहिद की शादी लगभग नौ वर्ष पूर्व मंडी कोतवाली क्षेत्र के पीर वाली गली में हुई थी। चचेरे भाई दिलशाद के अनुसार गफूर कुछ साल से अपनी ससुराल में ही रह रहा था। उसका सरसावा में सैलून था। दिलशाद ने बताया कि गफूर की बुधवार की देर शाम अंबाला रेल मार्ग पर गुघाल मेला पुल के नीचे ट्रेन से कटने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मोके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजन और ससुराल पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए।
परिजनों ने आरोप लगाया कि गफूर की मौत में उसके ससुरालियों का हाथ है। जबकि ससुरालियों का कहना है कि गफूर नशा करता था और संभव है कि सरसावा से वापस लौटते समय मेला पुल के नीचे चलती रेल से उतरने के प्रयास में उसकी ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई हो। थाने पर मामले में फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इसके अलावा रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति की ट्रेन में सीट पर बैठते ही मौत हो गई। शाम को लगभग छह बजे सहारनपुर से दिल्ली की ओर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में मुजफ्फरनगर के लिए एक युवक चढ़ा और सीट पर जाकर बैठ गया। अचानक उसकी तबियत बिगड़ने लगी कुछ ही देर में उसको सांस लेने में मुश्किल होने लगी और अचानक वह बेदम हो गया। यात्रियों ने तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस ने ट्रेन से युवक को उतारकर जिला अस्पताल के लिए भेजा। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।