बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर आशीर्वाद मैरिज होम के पास रविवार की रात में दो युवकों ने तमंचे के बल पर अधिवक्ता की पत्नी और भाई से नगदी और जेवरात लूट लिए। विरोध करने पर महिला को चाकू मारकर घायल किया। इस मामले में एक को नामजद कर दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। दूसरे पक्ष ने अधिवक्ता समेत चार लोगों के खिलाफ मारपीट और धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया।
रविवार की रात में पाबला गांव निवासी अधिवक्ता सोनू शर्मा की पत्नी विमलेश अपने देवर मोहित के साथ बाइक पर चिकित्सक से दवा लेकर घर वापस लौट रही थी। जब वे दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर आशीर्वाद मैरिज होम के पास पहुंचे तो दो युवकों ने तमंचे के बल पर उन्हें रोक लिया। महिला की कनपटी पर तमंचा सटा दिया और लूटपाट शुरू कर दी। युवकों ने महिला के गले से सोनू की चेन और देवर मोहित से दो हजार रुपये की नगदी लूट ली। घटना के बाद दोनों युवक जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। इस संबंध में मोहित ने राजू पुत्र जयभगवान शर्मा निवासी पाबला के खिलाफ लूटपाट की रिपोर्ट दर्ज कराई। वहीं आरोपी राजू ने अधिवक्ता सोनू शर्मा, उसकी पत्नी विमलेश, भाई मोहित और सुरेंद्र सिंह के खिलाफ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।