कहरका गांव के शिव कुमार त्यागी हत्याकांड के मुख्य गवाह को गवाही देने पर कत्ल की धमकी दी । जेल में बंद हत्यारोपियों पर धमकी देने का आरोप लगाकर पीड़ित ने जिलाधिकारी व एसपी को प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा की मांग की।
चांदीनगर थाना क्षेत्र के गढ़ी कलंजरी निवासी चमन पुत्र जग माल ने डीएम और एसपी को बताया कि 15 जुलाई 2017 को सरकारी नलकूप ऑपरेटर शिव कुमार त्यागी निवासी कहरका की गोली मारकर हत्या की। इस हत्याकांड में पूरनपुर नवादा गांव निवासी प्रवीण शर्मा उर्फ प्रणव स्वरूप महाराज, गौण गांव निवासी आदेश पुत्र ईश्वर व एक अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई । पुलिस ने 15 सितंबर 2017 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। इस हत्याकांड का चमन चश्मदीद गवाह है। रविवार को चमन खेत में गेहूं की कटाई कर रहा था। इसी दौरान स्कार्पियो कार में चार व्यक्ति आए और उसके साथ गाली गलौच कर हथियार तान दिए। धमकी दी यदि शिव कुमार त्यागी हत्याकांड में गवाही दी तो गोली मार देंगे। तेरी लाश का भी पता नहीं लगेगा। हत्यारोपी प्रवीण शर्मा ने जेल से फोन कर तुझे एक बार समझाने के लिए कहा है। यदि गवाही देने कोर्ट में गया तो रास्ते में ही जान से मार देंगे। धमकी से चमन का पूरा परिवार भयभीत है। उसने हत्यारोपी प्रवीण शर्मा व उसके गुर्गों के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की है।