कोतवाली में बरामदगी को हंगामा, विवाह रचा एसपी दफ्तर पहुुंची लड़की
बागपत। कस्बा अग्रवाल टटीरी से अपहृत जिस लड़की की बरामदगी के लिए लोग कोतवाली पर डेरा डाले हैं, वहीं लड़की एसपी दफ्तर में पहुंची और बोली, उसका किसी ने अपहरण नहीं किया। उसने तो अपने प्रेमी से शादी कर ली है। उसने उल्टा अपने परिजनों से ही जान का खतरा जताया। सीओ ने मामले की जांच करने के कोतवाली पुलिस को निर्देश दे दिए हैं।
टटीरी निवासी लड़की अपने घर से बृहस्पतिवार को चली गई थी। परिजनों ने उसकी सहेली पर बहला-फुसलाकर अपहरण कराने का आरोप लगाकर पुलिस से शिकायत की थी। इस मामले में शनिवार को काफी महिला और पुरुष कोतवाली में पहुंचे। उन्होंने लड़की की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए खूब हंगामा किया। पुलिस उसको तलाश करने के लिए मुजफ्फरनगर समेत कई स्थानों पर पहुंच गई थी।
शनिवार को दोपहर डेढ़ बजे लड़की आरोपी युवक के साथ एसपी दफ्तर में पहुंची। उसने कहा वह बालिग है, उसका किसी ने अपहरण नहीं किया। उसने शामली के मुकंदपुर गांव के युवक अर्जुन से प्रेम विवाह किया, अब उसके साथ ही रहेगी। इतना ही नहीं उसने अपने परिजनों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाकर पुलिस अफसरों से सुरक्षा कराने की मांग की। सीओ श्वेताभ पांडेय ने कहा मामले की जांच कर कार्रवाई होगी।