अमीनगर सराय में दो माह पहले परिवार को बंधक बनाकर मकान में हुई डकैती की घटना के खुलासे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने एसपी दफ्तर पर प्रदर्शन किया। आरोप है कि पुलिस ने डकैती को चोरी की धारा में दर्ज किया। एसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने एसपी शैलेश कुमार पांडेय को बताया कि तीन नवंबर की रात में करीब एक बजे छह बदमाश अमीनगर सराय निवासी अशोक यादव के घर में परिवारों को बंधक बनाकर पांच लाख रुपये की नगदी, सोने-चांदी के जेवरात समेत सात लाख रुपये का सामान लूट ले गए । बदमाश पूरे परिवार को रसोई में बंद कर भाग निकले। सिंघावली अहीर थाना पुलिस ने डकैती की घटना को चोरी की धारा में दर्ज कराया। पुलिस लूट की घटना में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। पीड़ित परिवार भयभीत है। उन्होंने एसपी से चोरी में दर्ज हुई रिपोर्ट को डकैती की धारा में दर्ज कराने एवं घटना के खुलासे की मांग की। एसपी ने प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में बिजेंद्र, प्रहलाद, मनोज, पूर्व प्रधान जगवीर, बुढ़सैनी के प्रधान जितेंद्र, पप्पू, अनिल, नरेंद्र, ओमप्रकाश, बाबू, मनोज, ब्रहम सिंह, शीशपाल, सूबे सिंह, सतपाल सिंह, मुकेश आदि रहे।