छपरौली (बागपत)।
कैराना से पशु लेकर आ रही बोलेरो पिकअप गाड़ी हलालपुर मंदिर के पास पलट गई। इसमें दो पशुओं की मौत हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पशु से लदे कैंटर व पिकअप गाड़ी को पकड़ लिया। दोनों गाड़ियों में पशुओं को भूसे की तरह लाद रखा था। पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
रविवार को सुबह के समय शामली जनपद के कैराना से कैंटर व बोलेरो पिकअप गाड़ी में पशुओं को लादकर कुछ लोग बड़ौत ले जा रहे थे। जब वे छपरौली से आगे हलालपुर मंदिर के पास पहुंचे तो पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें लदी दो भैंसों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कैंटर और पिकअप गाड़ी को पकड़ लिया। इनमें लदे पशुओं को बंधन मुक्त कराया। दोनों गाड़ियों में क्षमता से अधिक पशु लाद रखे थे। पुलिस ने एहसान, महबूब, शहनवाज, पवन कुमार, आजाद, नफीस, शाहबाज, यासीन, यूनुस निवासी कैराना जनपद शामली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष बचन सिंह सिरोह ने बताया कि आरोपी को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृत दोनों पशुओं के शवों को गड्ढा खुदवा दिया है।