युवक को जेब काटते हुए पकड़ा, बाद में पीटा
खेकड़ा। दिल्ली सहारनपुर हाईवे स्थित पाठशाला बस स्टैंड पर बस से उतर रहे खेकड़ा निवासी एक यात्री की जेब काट रहे युवक की लोगों ने जमकर धुनाई कर डाली। बाद में माफी मांगने पर पर लोगों ने उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे खेकड़ा शहर निवासी श्रवण शर्मा जब पाठशाला बस स्टैंड पर बस से उतर रहा था। तभी एक जेब कतरे ने पीछे से उसकी जेब काट ली। बस में सवार अन्य यात्रियों ने जेब कतरे को देख शोर मचा दिया। शोर सुनकर बस स्टैंड पर मौजूद लोगों ने जेबकतरे को दबोच कर उसकी जमकर धुनाई कर डाली। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसके बाद जेबकतरे द्वारा भविष्य में ऐसी गलती न करने व हाथ जोड़कर माफी मांगने के बाद लोगों ने उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया।