सीडीओ ने नंगला गांव में विकास कार्यों पर बैठाई जांच
बागपत। बिनौली ब्लॉक के नंगला गांव में विकास कार्यों में हुई धांधली की शिकायत पर सीडीओ पीसी जायसवाल ने जांच बैठा दी है। दो अधिकारियों को इसकी जांच सौंपी गई है, जो एक सप्ताह में जांच कर इसकी रिपोर्ट कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे।
जिला पंचायती राज विभाग की ओर से मनरेगा के अंतर्गत बिनौली ब्लॉक के नंगला गांव में विकास कार्य कराए गए थे, जिसमें धांधली का आरोप लगाया गया है। इसकी शिकायत सीडीओ पीसी जायसवाल से की गई। विकास कार्यों में की गई धांधली में 11 बिंदुओं से अवगत कराया गया है। आरोप लगाया गया कि सिर्फ कागजों में काम किया गया, जबकि धरातल पर कार्य नहीं हुआ। जो कार्य हुए हैं, उसमें मानक पूरे नहीं है। खराब सामग्री लगाई गई है। सीडीओ ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए गांव में हुए विकास कार्यों की जांच बैठा दी है। वहीं इसके लिए दो जांच अधिकारी भी नियुक्त कर दिए गए हैं। सीडीओ पीसी जायसवाल ने बताया कि नंगला गांव में हुए विकास कार्यों की भूमि संरक्षण अधिकारी एवं लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता अंकित गुप्ता इसकी जांच करेंगे। जिला पंचायती राज विभाग से संबंधित जांच रिपोर्ट डीपीआरओ और मनरेगा से संबंधित जांच रिपोर्ट कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेगी।