बागपत। छपरौली थाना क्षेत्र के हेवा गांव में किसान अजीत की हत्या बेटी ने चार लाख की सुपारी देकर प्रेमी से कराई । पुलिस ने बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि हेवा गांव में 25 मई की रात में किसान अजीत सिंह (40) पुत्र इंद्रपाल की खेत में गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पत्नी ऊषा देवी ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया । बुधवार को छपरौली पुलिस ने मृतक की बेटी निशा व उसके प्रेमी मुकुल पुत्र रामचरन निवासी मवी खुर्द थाना बालैनी को गिरफ्तार कर खुलासा कर दिया। आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि मृतक किसान का चरित्र अच्छा नहीं था। उससे परिवार परेशान था। कुछ दिन पहले मृतक ने नौ लाख रुपये में घर भी बेच दिया था। किसान की बेटी निशा का मुकुल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन मृतक शादी नहीं होने दे रहा था। निशा ने पिता को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पिता को मारने के लिए प्रेमी को चार लाख रुपये की सुपारी दी। 25 मई की रात्रि में बेटी ने अपने प्रेमी को फोन कर पिता की लोकेशन बताई। प्रेमी अपने दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर खेत में पहुंचा और अजीत की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी मुकुल की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, कारतूस बरामद किए। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से उन्हें जेल भेज दिया।
पहले पति से चल रहा तलाक का मुकदमा
बागपत। पुलिस ने बताया कि आरोपी निशा की शादी पांच साल पहले शामली जनपद के हसनपुर गांव निवासी युवक से हुई। उसका पति दिव्यांग था। दो साल से पति के साथ तलाक का मुकदमा चल रहा है। आरोप है कि पिता ने उसकी जबरन शादी कराई थी।
होली पर हुई थी निशा व मुकुल की मुलाकात
बागपत। पुलिस ने बताया कि निशा की मुकुल से होली पर हेवा गांव में मुलाकात हुई । गांव में मुकुल की बुआ रहती है। दोनों के परिवारों में रिश्तेदारी है। तभी से ही वह एक दूसरे से शादी करना चाहते थे। घर पर शादी की बात भी की गई, लेकिन निशा के पिता ने बखेड़ा शुरू कर दिया। युवक का उनके घर पर भी आना-जाना था।
मुकुल के साथ मवी कलां का ही नाबालिग
बागपत। पुलिस जांच में सामने आया है कि मुकुल के साथ मवी कलां गांव का ही एक नाबालिग भी था। पुलिस उसकी तलाश और मामले की जांच में जुटी हुई है।