बागपत। बड़ौत में चल रही सेना भर्ती से लौट रहे शामली जनपद के चार युवकों ने बड़ौत डिपो की रोडवेज बस में परिचालक के साथ मारपीट की। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जिवानी गेट के पास किराये को लेकर उनके बीच विवाद हुआ। युवकों ने चलती बस की चाबी निकाल ली। इस कारण बस पलटने से बची। सूचना पर पहुंची रमाला थाना पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया। परिचालक ने चारों युवक के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने युवकों का शांति भंग की धारा में चालान कर दिया।
बड़ौत के जेवी डिग्री कॉलेज में सेना की भर्ती चल रही है। बुधवार को शामली जनपद के अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट हुआ। दौड़ में फेल होने पर अभ्यर्थी लौटने लगे। बड़ौत में बावली चुंगी से चार युवक बड़ौत डिपो की रोडवेज बस में शामली के लिए सवार हुए। रोडवेज बस के परिचालक उजेंद्र कुमार निवासी रमाला ने बताया कि उसने चारों युवकों ने किराया मांगा, लेकिन उन्होंने किराया देने से मना कर दिया। इसी को लेकर उनमें कहासुनी हो गई। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जिवानी गेट के पास बस पहुंची तो चारों युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। एक युवक ने चलती बस की चाबी निकाल ली। इस कारण चालक बस का नियंत्रण खो बैठा। बस गहरी खाई में पलटने से बाल-बाल बची। उस समय बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। किसी ने पुलिस को रोडवेज बस में लूट की सूचना दे दी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। रमाला थाना पुलिस पहुंची तो युवक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेरकर चारों युवकों को पकड़ लिया और थाने ले गई परिचालक ने चारों युवकों के खिलाफ तहरीर दी। रमाला थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि पकड़े गए अनीश, विशाल, आकाश, गौरव निवासी सोंटा थाना बाबरी जनपद शामली के रहने वाले हैं। चारों युवक का शांति भंग में चालान कर दिया। रोडवेज बस में लूट की सूचना गलत मिली। युवकों ने किराये को लेकर परिचालक से मारपीट की।