दोघट (बागपत)। कस्बा टीकरी में किसान ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। बैंक का कर्ज अदा नहीं होना आत्महत्या का कारण बताया जा रहा है। किसान की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
टीकरी निवासी जय कुमार (50) पुत्र राजपाल ने मंगलवार की रात में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। किसान की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया। बुधवार की सुबह किसान की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पत्नी अमरेश ने बताया कि उसके पति ने ओबीसी बैंक शाखा बरनावा से एक लाख रुपये और किसान सेवा सहकारी समिति दोघट से 50 हजार रुपये का ऋण ले रखा था। उसके पास पांच बीघा जमीन थी। आमदनी का कोई जरिया नहीं होने के कारण वह कर्ज अदा नहीं कर पा रहा था। कई दिन से एक ही बात दोहराता रहता था कि कर्ज वापस करने का दबाव आ रहा है। उसके पास अभी जमा करने के लिए रकम नहीं है। उसकी मौत से बेटा गौरव व बेटी आकांक्षी का भी रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार के संजीव राठी ने किसान की मौत के संबंध में थाने पर तहरीर दी। इस संबंध में तहसीलदार बड़ौत प्रदीप कुमार ने बताया कि अभी ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी।