बड़ौत (बागपत)।
बागपत से बड़ौत बस में आ रही एक युवती के साथ बड़ौली गांव के पास एक युवक ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती के शोर मचाने पर यात्रियों ने जैसे ही युवक को पकड़ने का प्रयास किया तो युवक बस से नीचे उतरकर भाग निकला।
सररूपुर गांव की युवती बृहस्पतिवार को बागपत से बड़ौत जाने वाली बस मेें सवार होकर बड़ौत किसी काम से आ रही थी। बताया जाता है कि उसी बस में युवती के गांव का युवक भी सवार था। बस जैसे ही बड़ौत के नजदीक पहुंची तो युवक ने युवती के छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती ने कई बार आरोपी युवक को मना किया, लेकिन युवक नहीं माना। इसके बाद युवती ने शोर मचा दिया। युवती के शोर की आवाज सुनकर चालक ने बस रोक दी। यात्रियों और चालक ने आरोपी युवक को पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन युवक बस से नीचे उतरकर भाग निकला। हालांकि इस संबंध में अभी तक थाने में कोई तहरीर नहीं आई।