बागपत। बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने एसपी को दिए ज्ञापन में बताया कि 11 मई 2016 को उसकी 16 वर्षीय बेटी का आकाश उर्फ शनि, उसका जीजा व बहन बहला फुसला कर अपहरण कर ले गए । नौ दिन बाद किशोरी को पुलिस ने बरामद किया। उसने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया । किशोरी ने न्यायालय में आरोपी के खिलाफ बयान दिए । मेडिकल में दुष्कर्म की भी पुष्टि हुई । यह मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। अब इसमें गवाही चल रही है। सोमवार को वह अपनी पत्नी के साथ कचहरी में गवाही देने आया । अधिवक्ता के चैंबर से जब वह कचहरी में जाने लगा तो गेट के बाहर आरोपी पक्ष के लोगों ने उन पर हमला बोल दिया। उनकी लात घूसों से पिटाई की। मुकदमे में फैसला नहीं करने पर गोली से उड़ाने की धमकी देकर आरोपी भाग गए। पीड़ित ने एसपी से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने एवं पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की गुहार लगाई।