बागपत। दोघट कृषक सेवा सहकारी समिति के लेखाकार उपेंद्र कुमार की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस को मृतक के घर से सुसाइड नोट व तमंचा मिला है। सुसाइड नोट की जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या तो नहीं की है।
बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के बिजरौल गांव निवासी उपेंद्र कुमार का 10 दिसंबर की रात को खेत मेें खून से लथपथ शव पड़ा मिला था। वह दोघट कृषक सेवा सहकारी समिति दोघट में लेखाकार पद पर कार्यरत था। घटनास्थल बिनौली थाना क्षेत्र का होने के कारण मृतक की पत्नी सरिता ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। अब बिनौली पुलिस को मृतक के घर से सुसाइड नोट व तमंचा मिला है। सुसाइड नोट दोघट सहकारी समिति के अधिकारी के नाम लिखा है। उसमें लिखा गया है कि उसके मरने के बाद पत्नी को नौकरी दिलवा देना। कई लोगों पर रुपये भी उधार हैं। रुपयों को परिजनों को दे देना। पुलिस सुसाइड नोट की जांच कर रही है। मृतक की हैंड राइटिंग भी मिलाई जा रही है। आशंका है कि उसने खुद को तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या की। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जल्दी ही खुलासा किया जाएगा।
महिला को पीटकर घायल किया
दोघट (बागपत)। पलड़ा गांव में बच्चों के बीच हुई मामूली कहासुनी को लेकर पड़ोसियों ने फेजुनी को मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित महिला ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घायल को बिनौली सीएचसी पर भर्ती कराया गया।