कांग्रेस सेवादल की शहर संगठक मुन्नी बेगम हत्याकांड में फरार चल रहे दो आरोपियों ने पुलिस को चकमा देकर सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। कोर्ट से उन्हें जेल भेजा। वहीं इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी जाहिद उर्फ लंबू व उसकी पत्नी शहनाज को जेल से न्यायालय में पेशी पर लाया गया।
बागपत के केतीपुरा मोहल्ले में पांच मार्च को कांग्रेस सेवादल की शहर संगठक मुन्नी बेगम की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पति मोबिन ने जिला जेल में बंद कुख्यात बदमाश जाहिद उर्फ लंबू, उसकी पत्नी शहनाज, विक्की पिच्छकौरा समेत पांच के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस विवेचना में जाहिद लंबू के साले अहसान व जिसान के नाम प्रकाश में आए थे। दोनों तभी से ही फरार चल रहे थे। बुधवार को दोनों आरोपियों ने सीजेएम कोर्ट में पुलिस को चकमा देकर आत्मसमर्पण कर दिया। कोर्ट से उन्हें जेल भेजा। इस हत्याकांड मेें अब सभी आरोपी जेल चले गए है। वहीं हत्याकांड में जेल से कुख्यात बदमाश जाहिद उर्फ लंबू, उसकी पत्नी शहनाज को न्यायालय में पेशी पर लाया गया।