फर्जी फेसबुक आईडी बनाने का आरोप
मुजफ्फरनगर। चरथावल निवासी आफताब ने बुधवार को पुलिस ऑफिस में एसपी सिटी ओमवीर सिंह को शिकायती पत्र देकर बताया कि वह एक डॉक्टर के क्लीनिक पर काम करता है। पीड़ित के अनुसार कुछ समय पूर्व अज्ञात व्यक्ति ने सोशल साइट फेसबुक पर उसकी आफताब नाम से फर्जी आईडी बनाकर उसकी फोटो आदि लगा दी है। अब उक्त आईडी से युवक के परिचित व रिश्तेदारों के पास आपत्तिजनक मेसेज व वीडियो क्लिप भेजी जा रहीं हैं, जिससे उसकी बदनामी हो रही है। पीड़ित के अनुसार उसे एक परिचित ने उक्त आईडी के बारे में बताया, जिसके बाद उसने थाने पहुंचकर अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने एसपी सिटी से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। एसपी सिटी ने मामले को साइबर सेल को सौंपते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
घर से नकदी-जेवरात लेकर फरार हुई महिला
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर निवासी इंद्रपाल ने तहरीर देकर बताया कि उसकी पहली पत्नी पिंकी की मौत करीब चार साल पूर्व हो गई थी। इसके बाद नवंबर 2016 में उसने भोकरहेड़ी निवासी युवती से दूसरी शादी कर ली थी। आरोप है कि शादी के करीब 20 दिन बाद ही दूसरी पत्नी इंद्रपाल की गैर मौजूदगी में घर से करीब 40 हजार की नकदी व जेवरात समेटकर परिजनों के साथ चली गई। जब वह उसे लेने भोकरहेड़ी पहुंचा तो उसे मारपीट कर भगा दिया गया। आरोप है कि अब आरोपी पत्नी को भेजने से इंकार करते हुए उसे धमकियां दे रहे हैं। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।