शाहजहांपुर गांव में सोमवार की रात में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को जहरीला पदार्थ खिलाफ मारने की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर महिला को बड़ौत निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे मेरठ रेफर किया। सूचना पर रात में मायके वाले गांव पहुंचे और हंगामा किया। विवाहिता के पिता ने महिला के पति और ससुर के खिलाफ तहरीर दी।
चांदीनगर थाना क्षेत्र के अब्दुल पुर मेवला गांव निवासी इंतजार ने बेटी सितारा का निकाह डेढ़ साल पहले दोघट थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर गांव निवासी आलम के साथ किया । निकाह के बाद से ससुराल वाले दहेज की मांग को लेने के लिए सितारा को प्रताड़ित करने लगे । कई बार उनकी मांगे भी पूरी की, लेकिन उनकी भूख बढ़ती गई। अब वे दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। सितारा ने दहेज लाने से इंकार कर दिया। सोमवार को रात में ससुराल वालों ने महिला को जहरीला पदार्थ खिलाकर मारने की कोशिश की। शोर शराबा सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। महिला की हालत बिगड़ने पर उसे बड़ौत के निजी अस्पताल में भर्ती कराया । वहां से उसे मेरठ रेफर किया। सूचना पर महिला के परिजन रात में ससुराल पहुंचे और हंगामा किया। पिता इंतजार ने बताया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर सितारा को जहरीला पदार्थ खिला दिया। वे उसकी हत्या करना चाहते हैं। इस संबंध में उन्होंने पति और ससुर के खिलाफ दोघट थाने में तहरीर दी। इस संबंध में एसएसआई रमेश सिंधू ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।