फतेहपुर की महिला प्रधान को बंधक बनाकर पीटा
बागपत। फतेहपुर गांव की महिला प्रधान को बंधक बनाकर पीटने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि सरकारी राशन के विवाद में उसको मकान में बंद कर राशन डीलर के परिवार ने बेरहमी से पिटाई की। इससे पहले उनके पति के साथ अभद्रता कर मारपीट की गई थी। महिला ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रधान कोमल ने बताया कि गांव में सरकारी राशन समय से न मिलने और कम देने की प्रशासनिक अफसरों से ग्रामीणों ने शिकायत की थी। अधिकारियों ने उनसे इस संबंध में रिपोर्ट मांगी है। आरोप है कि राशन डीलर उनसे अपने पक्ष में रिपोर्ट देने का दबाव बना रहा था। ऐसा करने से मना किया तो आरोपी ने उनके साथ अभद्रता की। बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे उनके पति सुनील कुमार बेटे विशू को स्कूली बस में बैठाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी राशन डीलर और उनके परिजनों ने उनके पति के साथ मारपीट की। पता चलने पर वह वहां पर गई तो आरोपियों ने उसको बहाने से अपने घर में बुला लिया। बाद में अभद्रता करते हुए बुरी तरह से पीटा। उसके चिल्लाने पर किसी तरह उसकी जान बची। आरोपी लगातार धमकी दे रहे है। इससे उनका परिवार भयभीत है। उन्होंने एसपी दफ्तर पर पहुंचकर शिकायत की है।
सिंघावली अहीर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार का कहना है कि सरकारी राशन के विवाद का मामला है। इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी। बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला नहीं है। उधर, राशन डीलर जोनी के पिता राजेंद्र का कहना है कि प्रधान पक्ष उनसे चुनावी रंजिश रखता है। उनके खिलाफ आए दिन झूठी शिकायत करता रहता है। उन पर बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप पूरी तरह से निराधार है।