छपरौली (बागपत)। ककौर कलां गांव के यमुना खादर में शराब पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर तस्करों ने फायरिंग कर दी। पुलिसवालों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। आरोपी पुलिस के सामने अपनी कार को छोड़कर भाग गए। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस जुटी है।
छपरौली पुलिस को शुक्रवार की रात में मुखबिर से जानकारी मिली कि ककौर गांव के यमुना खादर के रास्ते हरियाणा से शराब लाई जा रही है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। खादर में पुलिस ने कार को पकड़ने का प्रयास किया। कार में सवार दो लोगों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने किसी तरह अपनी जान बचाई। आरोपी कार को छोड़कर पुलिस के सामने से भाग गए। पुलिस ने उनका काफी पीछा किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। आरोपी अपनी कार को छोड़ गए । पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली तो शराब भरी हुई मिली। पुलिस ने फायरिंग करके भागने वाले तस्करों को पहचान लिया। छपरौली थाना प्रभारी बृजेश कुमार कुशवाहा ने कहा पकड़ी गई मारुति 800 कार से 40 पेटी अंग्रेजी शराब हिमाचल प्रदेश मार्का और 12 पेटी देसी शराब हरियाणा मार्का बरामद हुई है। आरोपी तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस और आबकारी टीम पर पहले भी हो चुके हैं हमले
बागपत। शराब तस्करों के पुलिस पर फायरिंग करने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई पुलिस और आबकारी की टीम पर हमले हो चुके है। खेड़ा हटाना में पिछले साल टीम पर हमला हुआ था। इससे पहले ब्राह्मण पुट्ठी, सिनौली, बड़ौत समेत कई स्थानों पर हमला हो चुका है।