ऊर्जा निगम के कैंप में सिपाही ने की अभद्रता
अमीनगर सराय (बागपत)। कस्बा में ऊर्जा निगम के महा कैंप में यूपी पुलिस के सिपाही ने अपने साथियों के साथ मिलकर कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी की। इससे वहां पर हंगामा हो गया। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
निगम के अवर अभियंता सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि 20 सितंबर को कस्बा अमीनगर सराय में अफसरों के निर्देशानुसार राजस्व वसूली, बकाया धनराशि पर कनेक्शन काटने व उपभोक्ताओं के बिल संशोधन करने के लिए महाकैंप लगाया गया था। करीब सवा चार बजे पूठड़ गांव के कुछ लोग कैंप में पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज कर हंगामा करने लगे। आरोपियों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और सरकारी कार्य में बाधा डाली। आरोपियों में मनोज पुत्र बाबूराम, धर्मपाल पुत्र महावीर और प्रह्लाद पुत्र लक्ष्मण शामिल है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उनकी तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बता दे कि आरोपी प्रह्लाद यूपी पुलिस में सिपाही है। फिलहाल नोएडा में तैनात है। इस बारे में सिंघावली अहीर थाना प्रभारी अरविंद कुमार का कहना है कि केस की विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।