खेकड़ा (बागपत)।
नगर में स्थित रेलवे स्टेशन से सोमवार की दोपहर करीब बारह बजे शामली से दिल्ली सीएनजी ट्रेन जा रही थी। ट्रेन में बड़ौत क्षेत्र के एक गांव निवासी 22 वर्षीय युवती सवार थी। जब ट्रेन खेकड़ा रेलवे पर पहुंची तो उक्त युवती ट्रेन से नीचे उतर गई और वह दोबारा ट्रेन में सवार होने लगी। ट्रेन में सवार होते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गई और उसकी गर्दन धड़ से अलग हो गई। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। रेलवे पुलिस ने लोगों की मदद से शव की शनाख्त कराने का प्रयास किया। बाद में पुलिस को मृतका का मोबाइल फोन मिल गया। इससे उसकी शनाख्त बड़ौत क्षेत्र के एक गांव निवासी के रूप में हुई। पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेजा।