रमाला (बागपत)। कंडेरा गांव निवासी किसान हरेंद्र पुत्र चंद्रभान के गन्ने के खेत के ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजरती है। इसके तार जर्जर और ढीले है। कई बार विद्युत निगम को इसकी शिकायत भी की, लेकिन तारों को बदला नहीं गया। पीड़ित किसान ने बताया कि बुधवार को हवा के चलते तार आपस में उलझ गए। उस समय तारों में विद्युत करंट दौड़ रहा था। इससे उठी चिंगारी गन्ने के खेत में गिर गई और आग लग गई। खेतों में काम कर रहे अन्य किसानों ने नलकूप से पानी डालकर व गन्ने तोड़कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक किसान की पांच बीघा गन्ने की फसल जल गई। किसानों ने विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। बाद में पीड़ित किसान ने निगम के खिलाफ रमाला थाने में तहरीर देकर मुआवजे की मांग की ।