मुकदमे की पैरवी में आए दो पक्ष आपस में भिड़े
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। एसडीएम सदर के न्यायालय में बुधवार को मुकदमे की पैरवी में आए दो पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। दोनों पक्ष के बीच पहले न्यायालय कक्ष में नोकझोंक शुरू हुई और विवाद बढ़ने पर बाद में मारपीट होने लगी। मारपीट होते देख मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें कमरे से बाहर कर दिया। इसके बाद बरामदे में भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। इसी बीच किसी ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस तीन लोगों को पकड़कर कोतवाली ले आई। बाद में उन्हें शांति भंग की धारा में चालान कर दिया।
एसडीएम न्यायालय में सरडिहा गांव के रहने वाले अनिरुद्ध तथा धर्मा देवी के बीच जमीन संबंधी विवाद के मसले पर वाद चल रहा है। इस मामले में बुधवार को सुनवाई की तिथि थी। मुकदमे की पैरवी के लिए एक पक्ष से पारस नाथ वर्मा निवासी बरगदही कैंपियरगंज और दूसरे पक्ष से मनीष पांडेय, अभिषेक निवासी सरडिहा पहुंचे थे। सभी लोग एसडीएम न्यायालय में पेशकार के पास गए। यहां मुकदमे से जुड़ी जानकारी ले रहे थे। इसी बीच सुलह समझौते के लिए एक पक्ष ने दबाव बनाना शुरू किया। बातचीत के दौरान ही मनीष और पारस के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया और दोनों के बीच नोकझोंक होने लगी। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष के बीच मारपीट होने लगी। इस पर कर्मचारियों ने उन्हें न्यायालय कक्ष से बाहर कर दिया। पुलिस पहुंचने पर दोनों पक्ष के लोग शांत हुए। पुलिस पारस, मनीष और अभिषेक को पकड़कर कोतवाली ले गई। एसडीएम ज्ञानेश्वर प्रसाद ने कहा कि दोनों पक्ष के बीच जमीन संबंधी मामला न्यायालय में विचाराधीन है। मुकदमे की पैरवी में आए दोनों पक्ष के तीनों लोग न्यायालय में ही भिड़ गए। कोतवाल रामदवन मौर्य ने बताया कि तीन लोगों को शांति भंग की धारा में चालान कर दिया गया है।