मेरठ बस स्टैंड पर रोडवेज और प्राइवेट बसों के नंबर लगाने को लेकर विवाद हो गया। प्राइवेट बस के चालक सहित तीन-चार लोगों ने रोडवेज बस के चालक और परिचालक को मारपीट कर घायल कर दिया। घायलों ने कोतवाली में तीन लोगों को नामजद कर तहरीर दी। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया।
बागपत-मेरठ मार्ग पर चलने वाली रोडवेज और प्राइवेट बसों के चालकों में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोडवेज बस नंबर यूपी 81 बीटी 5846 के परिचालक सचिन निवासी मेरठ ने बताया कि रविवार को मेरठ बस स्टैंड पर उनकी बस का नंबर था। उनसे पहले प्राइवेट बस चली गई, लेकिन प्राइवेट बस के चालक ने उनकी बस को नंबर पर नहीं लगने दिया। इसे लेकर उनमें विवाद हो गया। प्राइवेट बस के चालक सहित तीन-चार लोगों ने उसके साथ मारपीट की। बचाव में आए चालक अशोक निवासी सिंघावली अहीर को मारपीट कर घायल कर दिया। इस घटना के बाद रोडवेज बसों के चालकों और परिचालकों ने हंगामा किया। कोतवाली में पहुंचकर तीन लोगों को नामजद कर तहरीर दी। पुलिस ने प्राइवेट बसों के एजेंट को हिरासत में ले लिया है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच करने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।