अवैध शराब बिक्री की सूचना पर छापामारी
अमीनगर सराय। आबकारी टीम ने बालैनी और हरियाखेड़ा गांव में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर छापामारी की। टीम को कहीं पर भी शराब बिकती नहीं मिली।
बालैनी और हरियाखेड़ा गांव में पिछले काफी दिनों से आधा दर्जन जगहों पर मिलावटी शराब अवैध रूप से बेची जा रही थी। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत कई बार बालैनी पुलिस से की लेकिन पुलिस हर बार कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति कर देती थी। शुक्रवार शाम आबकारी इंस्पेक्टर सुनीता चौधरी के नेतृत्व में आबकारी टीम ने बालैनी और हरियाखेड़ा गांव में छापेमारी की। आबकारी टीम को कहीं से भी शराब बरामद नहीं हुई। आबकारी इंस्पेक्टर ने शराब बेचने वालों को चेतावनी दी कि अगर यहां शराब बिकती मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। अचानक हुई छापेमारी से अवैध शराब बेचने वालों में हडक़ंप मचा रहा।