बड़ौत (बागपत)।
सब्जी मंडी के पीछे आजाद मार्केट मेें संयुक्त व्यापार संघ के जिला संयोजक के भाई की ब्यूटी फैशन हाउस की दुकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ी पहुंची, लेकिन वह आग बुझाने मेें नाकाम रही। बाद में बागपत व खेकड़ा से टीम बुलाई गई। चार घंटे बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक लाखों का सामान आग की भेंट चढ़ गया।
सब्जी मंडी के पीछे आजाद मार्केट मेें ब्यूटी फैशन हाउस में ऊन, रेडीमेट कपड़े, कूलर व अन्य सामान बिकते हैं। शुक्रवार रात्रि दुकान मालिक प्रमोद जैन दुकान बंद कर अपने आवास नई मंडी गए थे। तड़के ढाई बजे उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना मिली। वे मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और छोटी गाड़ी से दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन विफल रहे। सूचना पर सीओ रामानन्द कुशवाहा ने बागपत व खेकड़ा की गाड़ियां मंगवाईं। सूचना पर चेयरमैन अमित राणा भी मौके पर पहुंचे और प्रशासन के लोगों से बातचीत की। चार घंटे बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक 20 लाख का सामान स्वाहा हो चुका था।
दुकान मलिक के भाई और संयुक्त व्यापार संघ के जिला संयोजक सुखमाल जैन ने बताया कि यह आग रंजिशन लगाई गई है। शार्ट सर्किट से आग नहीं लग सकती क्योंकि दुकान बंद करने के बाद चेंजर को बंद करके गए थे। दुकान मालिक ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगाई गई है।
संसाधनों के अभाव से जूझ रहे दमकलकर्मी
बड़ौत। दमकलकर्मी संसाधनों के अभाव मेें आग लगने पर उस पर काबू पाने में पंगु साबित हो रहे हैं। आजाद मार्केट में आग बुझाने दमकल विभाग की बड़ी गाड़ी पहुंची लेकिन उसका पानी समाप्त हो गया। गाड़ी डेढ़ घंटे बाद दोबारा पानी लेकर आई, तब तक आग और तेज हो गई। जब दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया तो छोटी गाड़ी से पाइप लीकेज हो रहे थे, जिनसे उन्हें परेशानी हो रही थी। व्यापारियों का कहना था कि यहां पर आग बुझाने के संसाधनों की कमी है। उन्होंने शासन से संसाधन बढ़ाए जाने की मांग की।