बागपत। भट्ठा मालिक द्वारा बंधक बनाकर काम कराने के मामले में अब नया मोड़ आ गया। भट्ठे के जमादार का आरोप है कि मजदूरों ने भट्ठे पर काम करने के लिए 1.63 लाख रुपये लिए थे। उन्होंने भट्ठे पर न तो काम किया और न ही रुपये लौटाए। रुपये का तगादा करने पर उन पर हमला किया और उल्टा उनकी शिकायत कर दी। भट्ठा जमादार ने डीएम से भट्ठा मजदूरों की शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई।
सिरसली गांव के गोपाल ने बताया कि शेरपुर लुहारा गांव के तीन परिवारों उसके पास आए थे और उनके कहने के अनुसार उनको भट्ठे पर ईंट पथाई का काम दिलाया । इसके लिए उनको 1.63 लाख रुपये एडवांस में दिलाए । आरोप है कि मजदूरों ने भट्ठे पर न तो काम किया और न ही रुपये लौटाए और भट्ठे से अपनी मर्जी से चले गए। आपत्ति करने पर आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। बाद में उनकी झूठी शिकायत कर दी। पीड़ित ने बुधवार को डीएम से शिकायत की है। उल्लेखनीय है कि मजदूरों ने मंगलवार को एसपी दफ्तर पर पहुंचकर भट्ठा मालिक और अन्य लोगों द्वारा बंधक बनाने की शिकायत की थी।