दोघट (बागपत)। कस्बा दोघट में मंगलवार की रात में चोर 400 केवीए के विद्युत ट्रांसफार्मर से उपकरण चुराकर ले गए। इससे आधे कस्बे में विद्युत सप्लाई ठप हो गई है।
दोघट में कान्हड़ मार्ग पर दो माह पहले ही 400 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर रखा था। इस ट्रांसफार्मर से आधे कस्बे में विद्युत सप्लाई दी जाती थी। मंगलवार की रात में चोरों ने 400 केवीए के विद्युत ट्रांसफार्मर के चारों तरफ लगाए गए जाल को तोड़ दिया और ट्रांसफार्मर से उपकरण चोरी करके ले गए। इस कारण आधे कस्बे में विद्युत सप्लाई ठप हो गई। बुधवार को सुबह कस्बा वासियों को ट्रांसफार्मर चोरी की घटना का पता चला तो उनमें आक्रोश व्याप्त हो गया। उन्होंने कहा चोरों ने ट्रांसफार्मर के उपकरण चोरी करने में काफी समय लगा होगा। पुलिस ने भी इस मार्ग पर गश्त नहीं की। यदि पुलिस रात में गश्त करती तो ट्रांसफार्मर के उपकरण चोरी न होते। उन्होंने पुलिस ने ऐसी वारदातों पर अंकुश लगाने की मांग की है।