बागपत। छात्र देव की हत्या के मामले में बालैनी थाने के एसएसआई पर भी गाज गिर गई है। पुलिस अफसरों ने उनको भी लाइन हाजिर कर दिया है। जबकि बालैनी एसओ पहले भी लाइन हाजिर हो चुके हैं। दूसरी तरफ केस के खुलासे के लिए पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
मुकारी गांव के छात्र आरव उर्फ राजा उर्फ देव की हत्या के मामले में वकीलों ने बालैनी थाने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सोमवार को एसपी आवास पर धरना-प्रदर्शन किया था। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से एसओ राजपाल सिंह और एसएसआई आनंद प्रकाश को थाने से हटाने की मांग की थी। एसपी जयप्रकाश ने एसओ राजपाल सिंह को उसी समय लाइन हाजिर कर दिया था। बाद में पुलिस अफसरों ने एसएसआई आनंद प्रकाश को भी लाइन हाजिर कर दिया। एएसपी अजय कुमार सिंह का कहना है कि बालैनी थाने के एसएसआई आनंद प्रकाश को भी लाइन हाजिर किया गया है। पुलिस लाइन में तैनात दारोगा देवेंद्र बिष्ठ को बालैनी एसओ बनाया गया है। केस के खुलासे के लिए चार टीमें लगी हुई है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। उम्मीद है जल्द ही केस का खुलासा कर दिया जाएगा।
छात्र के प्राइवेट पार्ट्स पर
भी मिले चोट के निशान
बागपत। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्र के प्राइवेट पार्ट्स पर भी चोट के निशान मिले हैं। चिकित्सकों ने स्लाइड बना ली है। उनको जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा। एएसपी अजय कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
परिजन कर रहे केस के खुलासे की मांग
बागपत। मृतक छात्र के परिजन और क्षेत्र के लोगों की मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द केस का खुलासा करे। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस ने जल्द केस का पर्दाफाश नहीं किया तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।