दाहा/दोघट। सोमवार रात दाहा गांव में बदमाशों ने डेयरी पर धावा बोला। पांच लोगों को बंधक बनाकर बदमाशों ने 12 भैंस लूट ली और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने क्षेत्र की नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लग सके। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
दाहा निवासी महक सिंह पुत्र रघुवीर दूध का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने गांव में चित्तमखेड़ी मार्ग पर डेयरी खोल रखी है। जिसमें वे भैंसों को रखते है। सोमवार रात महक सिंह, ओमपाल, ओमप्रकाश और उनका नौकर सीटू वहां सोए हुए थे। दीवार फांदकर 18-20 हथियारबंद बदमाश डेयरी में घुस आए और वहां मौजूद सभी लोगों को गन प्वाइंट पर लेकर बंधक बना लिया। एक कमरे में बंद कर दिया।
बदमाश डेयरी में बंधी 12 भैंसों को लूट लिया और चित्तमखेड़ी गांव के पास स्थित नहर पर खड़े ट्रक में लादकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के काफी समय बाद बंधक बनाए गए लोगों ने शोर मचाया। शोर सुनकर मुहल्ले के लोगों की नींद टूटी।
ग्रामीणों ने कमरे में बंधक बनाए गए लोगों को बाहर निकाला और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने पूरे क्षेत्र की नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लग सके। लूटी गई भैंसों की कीमत आठ लाख रुपये बताई गई है। डेयरी मालिक महक सिंह ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार यादव का कहना है कि शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।