देवर से संबंध बनाने का विरोध करने पर महिला को घर से निकाला
बड़ौत। देवर से अनैतिक संबंध बनाने का विरोध करने पर एक महिला को घर से निकाल दिया गया। महिला ने हेल्पलाइन के माध्यम से पुलिस को सूचित किा। महिला सेल प्रभारी ने महिला से पूछताछ कर जांच शुरू कर दी।
क्षेत्र के एक गांव की निवासी महिला डोली ने बताया कि उसकी शादी 13 वर्ष पूर्व हुई थी। उसने महिला हेल्पलाइन को सूचना दी कि बृहस्पतिवार देर रात उसके देवर ने उससे अनैतिक संबध बनाने का प्रयास किया तो उसने मना कर दिया। इसका विरोध करने पर पति और देवर ने रात में ही दोनों बच्चों के साथ उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। पूरी रात उसने खुले आसमान के नीचे बिताई। उसने महिला हेल्पलाइन पर फोन पर इसकी शिकायत की तो शुक्रवार को महिला हेल्पलाइन की जिला प्रभारी रश्मि कोतवाली पहुंची और महिला से पूछताछ की। रश्मि ने बताया कि इस मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।