मुलसम बिजलीघर से लाखों के बिजली तार चोरी
दोघट (बागपत)। आजमपुर मुलसम बिजलीघर से चोर लाखों रुपये की कीमत के विद्युत तार चोरी करके ले गए। कंपनी सुपरवाइजर ने पुलिस को तहरीर देकर चोरों को पकड़ने और सामान बरामद कराने की मांग की है।
आजमपुर मुलसम गांव में बिजलीघर से रविवार रात चोर तीन किलोमीटर लंबे विद्युत तार, तीन क्विंटल क्लिप, एक क्विंटल बीस किलो कंटीले तार चोरी कर ले गए। बिजलीघर के जेई सुनील कुमार ने बताया कि चोरी गए तारों की कीमत लाखों रुपये है। बिजलीघर पर तैनात एसएसओ बालिस्टर ने बताया कि रविवार रात उसे खटपट की आवाज सुनाई दी। वह बाहर निकला तो देखा कि वहां से लोहे का काफी सामान गायब था। इसकी सूचना पुलिस को रात में ही दे दी गई थी। पुलिस ने पहुंचकर चोरों को तलाश किया। कंपनी के सुपरवाइजर कपिल गिरी ने दोघट थाने पर तहरीर दी है। इस संबंध में एसओ अजय शर्मा ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।