नैथला गांव के जंगल में जमीन के विवाद को लेकर संघर्ष में दो महिलाओं सहित सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। दोनों पक्षों ने कोतवाली में तहरीर दी है।
नैथला निवासी मंगूराम और गौरीपुर निवासी उदल के खेत पासपास में है। दोनों पक्षों में जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है, जिसे लेकर शुक्रवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच लाठी-डंडे व धारदार हथियार चले। संघर्ष में एक पक्ष के सौरव पुत्र मंगूराम, चंचल पुत्री मंगूराम, नितिन पुत्र पवन, कमलेश पत्नी पवन निवासी नैथला, दूसरे पक्ष के उदल पुत्र रामपाल, नितिन पुत्र उदल, श्रीपाल पुत्र रूपचंद निवासी गौरीपुर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी बागपत में भर्ती कराया। मंगूराम ने बताया कि नैथला-गौरीपुर सीमा पर उनकी जमीन पर गौरीपुर के लोग कब्जा करना चाहते हैं। वहीं दूसरे पक्ष के उदल ने बताया कि उनकी ढाई बीघा जमीन पर कब्जा कर रखा है।