पिलाना (बागपत)। बालैनी थाना क्षेत्र के दत्तनगर गांव में पटाखों की खरीद के दौरान गाजियाबाद के युवकों के साथ गांव के एक पक्ष की कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी डंडे चले, इसमें तीन युवक घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और कई युवकों को हिरासत में लिया। घायलों का मेडिकल कराया। पुलिस ने कहा शराब के नशे में झगड़ा हुआ है, स्थिति नियंत्रण में है।
दत्तनगर गांव में पटाखों को बिक्री की जा रही है। गाजियाबाद के थाना कविनगर के बम्हैटा निवासी रोहित कुमार, पंकज कुमार सहित तीन युवक पटाखे खरीदने बुधवार को गांव में पहुंचे । रात करीब नौ बजे पटाखा खरीदने और उनके दामों को लेकर गांव के एक पक्ष से उनकी कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया और लाठी डंडे चले। इसमें रोहित और पंकज घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल के लिए लेकर गई। देर रात तक किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी । पुलिस ने कहा छानबीन की जा रही है। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण तनाव बन गया। एसपी शैलेश पांडेय ने कहा शराब पीकर युवकों के बीच झगड़ा होने की सूचना मिली है, जांच कराई जा रही है।