बड़ौत (बागपत)। बिजरौल रोड पर रोडवेज बस में किराये को लेकर हुए विवाद में महिला और परिचालक में जमकर मारपीट हुई, इससे भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामला सुलझाकर दोनों को अलग किया। आबिदा पत्नी मेहरदीन बुढ़ाना जनपद मुजफ्फरनगर की रहने वाली है। वह दिल्ली से रोडवेज बस में बुढ़ाना के लिए आ रही थी। जब बस बिजरौल रोड तिराहे पर पहुंची तो परिचालक ने उसे किराया मांगा। उसने परिचालक को 50 रुपये किराए के लिए दिए, लेकिन परिचालक ने उसे टिकट नहीं दिया। जब परिचालक ने दोबारा उससे टिकट के पैसे मांगे तो उसने कहा कि उसने पहले ही तुम्हें 50 रुपये दे दिए हैं। यह विवाद होते-होते बस रुक गयी और महिला और परिचालक में मारपीट शुरू हो गई। इसे देखकर वहां भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामला सुलझाते हुए दोनों में समझौता कराया।