बिनौली (बागपत)।
थाना क्षेत्र के चंदायन मुलसम मार्ग पर पांच दिन पहले मुलसम के वृद्ध पर हुए जानलेवा हमले की घटना का पुलिस ने सोमवार को एक आरोपित गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपने दोस्त का फंसाने के लिए वारदात को अंजाम दिया।
पकड़ा गया आरोपित शाहदाब पुत्र निवासी शाहजहांपुर थाना दोघट है। इसकी निशानदेही पर पुलिस ने चंदायन के जंगल से 315 बोर तमंचा खोखा कारतूस व दराती बरामद की। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपित शाहदाब व जनपद मुजफ्फरनगर के झिझाना निवासी इरशाद ने एक ईंट भट्ठे पर एक साथ काम किया, वहां दोनों में दोस्ती हो गई। इरशाद का गांव में जमीन को लेकर मामला कोर्ट में विचाराधीन था। तो इसने आरोपित शाहदाब से मामले में स्टे दिलाने की बात रखी। इस पर शाहदाब ने उसे स्टे दिलाने का भरोसा देेकर उससे 50 हजार रुपये नगद और उसकी आईडी कार्ड ले लिया, लेकिन मामले पर स्टे नहीं हो पाया तो इरशाद ने आरोपित शाहदाब से अपने रुपये वापस मांगने शुरू कर दिए। इरशाद द्वारा रुपये वापस मांगने पर आरोपित शाहदाब ने उसे फंसाने की योजना बनाई और चार अक्तूबर को चंदायन मुलसम मार्ग पर पहुंचकर आजमपुर मुलसम निवासी 70 वर्षीय वृद्ध राजे सिंह पुत्र भगवाना को तेजधार के हथियार से मुंह पर कई वार कर घायल कर मौके पर इरशाद का आईडी कार्ड छोड़कर भाग गया था। पुलिस ने आरोपित का चलान कर न्यायालय बागपत में पेश किया। कोर्ट ने उसे जेल भेजा